Saturday, June 4, 2011

क्या आप जानते हैं एशिया की सबसे बड़ी झील भारत के किस राज्य में है? -अतुल्य भारत श्रृंख्ला की पहली कड़ी। Largest Fresh Water Lake is in India-Do you know? | Incredible India

गर फिरदौस बर रू-ए-जमीं अस्त
हमीं अस्तो हमीं अस्तो हमीं अस्त

ये शे’र शायद अमीर खुसरो ने कहा है। "अतुल्य भारत" श्रृंख्ला का प्रारम्भ कश्मीर से करने की इच्छा हुई। इस श्रृंख्ला में हर राज्य के उन स्थानों के बारे में बताने की कोशिश रहेगी जिन्हें बढ़ावा देकर हम पर्यटन के क्षेत्र में विकास कर सकते हैं। ये स्थान हमारी धरोहर हैं व इन्हें संजो कर रखना हमारा कर्त्तव्य है। हमारा भविष्य इन्हें देख सके इसके लिये वर्तमान को आगे आकर इसकी रक्षा करनी होगी।

आज हम बात करेंगे जम्मू व कश्मीर की। भारत के उत्तर में स्थित यह राज्य ब्रिटिश काल से आजाद तो हुआ पर स्वतंत्र अभी तक नहीं हो पाया है। जम्मू, कश्मीर व लद्दाख हिस्से बँटा यह राज्य न जाने कितने हिस्सों में और बँटा हुआ है। पर हम बात करेंगे पर्यटन की। इस राज्य की ग्रीष्म ऋतु की राजधानी है श्रीनगर व बाकि समय जम्मू है। जम्मू की बात करें तो यहाँ पर पौराणिक मम्दिर, मस्जिद भी हैं तो किले व बाग-बगीचे भी। जम्मू-कश्मीर में वैष्णौ देवी, रघुनाथ मंदिर व अमरनाथ गुफ़ा वो तीर्थ धाम हैं जहाँ हर हिन्दू जाने की इच्छा रखता हैं। जम्मू के ऐतिहासिक किले इस्लामिक और हिन्दू वास्तुकला को दर्शाते हैं।

कश्मीर की बात करें तो यहाँ डल झील, श्रीनगर, गुलमर्ग व मुगल गार्डन पर्यटन की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण व दर्शनीय स्थल हैं। आजकल तो लद्दाख व लेह पर्यटकों के लिये लिस्ट में सबसे ऊपर पहुँच चुके हैं।

क्या आप जानते हैं कि कश्मीर की सुप्रसिद्ध डल झील 15.5 किमी लम्बी है? इस झील के आसपास मुग़ल गार्डन, शालीमार बाग व निशात बाग जैसे खूबसूरत बाग इस झील की शोभा बढ़ाते हैं। ये कश्मीर की दूसरी बड़ी झील है। पर्यटकों के द्वारा झील को गंदा करने की वजह से पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। इस झील को दोबार जिंदा करने के लिये भारत सरकार ने राज्य सरकार को 1100 करोड़ रूपये दिये हैं। झील में चलते शिकारों से सुंदरता में चार-चाँद लग जाते हैं। मछली के कारोबार में डल झील महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सर्दियों में इसका तापमान -11 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच जाता है।

डल झील का जिक्र संस्कृत के पुराने ग्रंथों में भी किया गया है। कहते हैं कि झील के पूर्व में दुर्गा का निवास था। चाहें मुगल हों, ब्रिटिश या दुर्रानी-हर काल में डल झील राजा-महाराजाओं अथवा अंगेजों की पसंदीदा जगह बनी रही। 1707 में औरंगज़ेब की मृत्यु के पश्चात यहाँ पश्तून जनजाति आई। फिर दुर्रानी ने दशकों तक राज किया और उसके बाद आये राजा रणजीत सिंह।

डल झील श्रीनगर के दिल में बसी हुई है और सड़क व हवाई रास्तों से जुड़ी हुई है। हवाई अड्डा बड़गाम में है जो यहाँ से सात किमी दूर है। सबसे नज़दीक रेलवे स्टेशन जम्मू में है और करीबन 300 किमी दूर है।

जम्मू कश्मीर का तीसरा हिस्सा है लद्दाख। लेह जिसे लद्दाख की राजधानी माना जाता है भारत का दूसरा सबसे बड़ा जिला है। जानकारी के लिये बता दें कि गुजरात का कच्छ भारत का सबसे बड़ा जिला है। 

यदि आपने ध्यान से पढ़ा हो तो मैंने डल झील को राज्य की दूसरी बड़ी झील बताया। तो फिर राज्य की सबसे बड़ी झील कौन सी है? जी हाँ डल झील से बड़ी झील है वूलर लेक- ये झील राज्य की नहीं, हिन्दुस्तान की नहीं बल्कि एशिया की सबसे बड़ी साफ़ पानी की झील है। इस झील में झेलम नदी का पानी बहता है और यह 189 वर्ग किमी (sq.km.) तक फ़ैली है। डल से करीबन दस गुना बड़ी झील!! झील में एक टापू है जो ज़ैन-उल-अबिदिन नाम के राजा ने 15वीं शताब्दी में बनवाया था।
कश्मीर के लोग ही कश्मीर को आतंक से आज़ाद करवा सकते हैं।खौफ़ से आज़ादी-आतंक से आज़ादी। कश्मीर मैंने तो नहीं देखा पर हर हिन्दुस्तानी का पसंदीदा राज्य जिस दौर से गुजर रहा है उसके लिये पर्यटन ही उबरने का एकमात्र सहारा है।

जय हिन्द
वन्देमातरम

धूप-छाँव पर सबसे ज्यादा पढ़े गये लेखों में जम्मू व कश्मीर के दो लेख शामिल हैं।
जम्मू व कश्मीर में के इलाकों में कैसे हो रहा है भेदभाव
पश्मीना शॉलों के लिये मशहूर राज्य में कैसे हो रहा है चिंगु का खेल?

No comments: